युवा निशानेबाज मनु भाकर शुक्रवार को रजत पदक जीतने के बाद युवा ओलंपिक खेलों में दो पदक जीतने वाली दूसरी भारतीय खिलाड़ी बन गईं। जबकि पुरूष हॉकी टीम ने पोलैंड को 4-2 से हराकर सेमीफाइनल में प्रवेश किया। मनु से पहले जूडोका ताबाबी देवी ने युवा ओलंपिक में दो पदक जीते थे। मनु ने 10 मीटर एयर पिस्टल मिश्रित अंतरराष्ट्रीय स्पर्धा में ताजिकिस्तान के बेहजान फायेजुलाएव के साथ खेलते हुए रजत पदक हासिल किया। उनकी जोड़ी स्वर्ण पदक के मैच में जर्मनी के वानेसा सीगर और बुल्गारिया के किरिल किरोव से 3-10 से हार गई। भारत ने इस तरह निशानेबाजी अभियान दो स्वर्ण और तीन रजत पदक से समाप्त किया। बैडमिंटन कोर्ट पर खिताब के प्रबल दावेदार लक्ष्य सेन ने कोदाई नाराओका को 14-21 21-15 24-22 से मात दी।
भारतीय दल ने अभी तक जीते हैं कुल 8 पदक
भारतीय दल ने अभी तक आठ पदक जीत लिए हैं जिसमें से पांच निशानेबाजी से आए हैं। मनु और सौरभ चौधरी ने पुरूष और महिला 10 मीटर एयर पिस्टल स्पर्धाओं में स्वर्ण पदक जीते थे। शानू माने और मेहुली घोष ने पुरूष और महिला 10 मीटर एयर राइफल स्पर्धाओं में रजत पदक जीता था। भारतीय हॉकी टीम के लिए क्वार्टरफाइनल मुकाबले में शिवम आनंद ने पहले और आठवें मिनट में दो गोल किए जबकि मनिंदर सिंह ने तीसरे और संजय ने 17वें मिनट में एक एक गोल किए। भारतीय महिला हॉकी टीम ने पूल ए के अंतिम मैच में दक्षिण अफ्रीका को 5-2 से शिकस्त दी। तैराक श्रीहरि नटराज पुरूष 200 मीटर बैकस्ट्रोक के फाइनल में क्वालीफाई नहीं कर सके।
भारतीय दल ने अभी तक जीते हैं कुल 8 पदक

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें