वेस्टइंडीज के खिलाफ हैदराबाद में खेले गए
दूसरे टेस्ट मैच में दस विकेट लेने वाले तेज गेंदबाज उमेश यादव की भारत के
वनडे क्रिकेट टीम में वापसी हुई है। उन्हें चोटिल शार्दुल ठाकुर के स्थान
पर कैरेबियाई टीम के साथ होने वाले पहले दो एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों
के लिए टीम में शामिल किया गया है। बीसीसीआई ने एक बयान में कहा, 'चयन
समिति ने वेस्टइंडीज के खिलाफ पहले दो एकदिवसीय मैचों के लिए शार्दुल ठाकुर
की जगह उमेश यादव को टीम में रखा है। ठाकुर मांसपेशियों के कारण वनडे
श्रृंखला में नहीं खेल पाएंगे।'
शार्दुल को हैदराबाद टेस्ट मैच में पदार्पण का मौका मिला था लेकिन केवल दस गेंद करने के बाद मांसपेशियों में खिंचाव के कारण उन्हें मैदान छोड़ना पड़ा था। उमेश ने इस मैच में दस विकेट लिए थे और घरेलू धरती पर जवागल श्रीनाथ और कपिल देव के बाद यह कारनामा करने वाले वह केवल तीसरे तेज गेंदबाज हैं। उमेश यादव ने अपना आखिरी वनडे मैच इसी साल 14 जुलाई को इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स में खेला था।
पहले दो वनडे के लिए भारतीय टीम इस प्रकार है:
विराट कोहली (कप्तान), रोहित शर्मा (उप कप्तान), शिखर धवन, केएल राहुल,
अंबाती रायुडू, मनीष पांडे, महेंद्र सिंह धौनी(विकेटकीपर), ऋषभ पंत,
रविंद्र जडेजा, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, खलील अहमद और
उमेश यादव।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें