वेस्टइंडीज के कोच स्टुअर्ट लॉ को मैच अधिकारियों के लिए अनुचित टिप्पणी
करने के कारण भारत के खिलाफ पहले दो एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों से
निलंबित कर दिया गया है। आईसीसी ने अपने बयान में कहा कि लॉ पर मैच शुल्क
का शत प्रतिशत जुर्माना भी लगाया गया है। इस नियम के उल्लंघन के कारण लॉ के
खाते में पिछले 24 महीनों में कुल चार अयोग्यता अंक (डिमैरिट प्वाइंट)
जुड़ गए हैं और इस वजह से उन्हें भारत के खिलाफ गुवाहाटी और विशाखापट्टनम
में क्रमश: 21 और 24 अक्टूबर को होने वाले वनडे मैचों से निलंबित कर दिया
गया है। जिस घटना के कारण यह कार्रवाई की गई वह हैदराबाद में दूसरे टेस्ट
मैच के तीसरे दिन घटी थी। मैच में मैदानी अंपायर ब्रूस ऑक्सेनफोर्ड और इयान
गुल्ड, तीसरे अंपायर नाइजल लॉन्ग और चौथे अंपायर नितिन मेनन ने स्टुअर्ट
लॉ पर आरोप लगाए थे।
स्टुअर्ट लॉ की हैदराबाद टेस्ट मैच के दौरान अंपायरों से हो गई थी भिड़ंत
आईसीसी ने कहा कि सलामी बल्लेबाज कायरन पावेल के आउट होने के बाद लॉ टीवी
अंपायर के कमरे में गए और वहां उन्होंने अनुचित टिप्पणियां की। इसके बाद वह
चौथे अंपायर के करीब गए और उन्होंने खिलाड़ियों की मौजूदगी में उनके लिए
अनुचित टिप्पणियां की। लॉ को आईसीसी आचार संहिता के अनुच्छेद 2.7 के लेवल
दो के उल्लंघन का दोषी पाया गया है। आईसीसी का यह नियम खिलाड़ी, खिलाड़ियों
के सहयोगी स्टाफ, मैच अधिकारियों या किसी भी अंतरराष्ट्रीय मैच में भाग ले
रही टीम की सार्वजनिक आलोचना या अनुचित टिप्पणी करने से जुड़ा है। इससे
पहले 2017 में पाकिस्तान के खिलाफ ऐसे ही घटना के कारण लॉ पर मैच फीस का 25
प्रतिशत जुर्माना लगा था और उन्हें एक अयोग्यता अंक मिला था।
स्टुअर्ट लॉ की हैदराबाद टेस्ट मैच के दौरान अंपायरों से हो गई थी भिड़ंत

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें