प्रशासकों की समिति (सीओए) बुधवार को जब
भारत के मुख्य कोच और कप्तान विराट कोहली के अलावा चयन समिति के साथ बैठक
करेगी तो खिलाड़ियों और चयनकर्ताओं के बीच संवाद का मुद्दा और ऑस्ट्रेलिया
दौरे की रूपरेखा उसके एजेंडे में शीर्ष पर होंगे।
रहाणे भी हिस्सा लेंगे :
हैदराबाद में होने वाली बैठक में कई और अहम मुद्दों पर चर्चा की जाएगी।
इनमें केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों के लिए आचार संहिता और अतिरिक्त सहायक
स्टाफ की जरूरत प्रमुख हैं। भारत के उप कप्तान अजिंक्य रहाणे भी इस चर्चा
का हिस्सा होंगे। बड़ा मुद्दा टीम प्रबंधन, चयनकर्ताओं और टीम से बाहर किए
गए खिलाड़ियों के संवाद प्रणाली है।
हाल में करुण नायर और मुरली विजय ने कहा
था कि चयनकर्ताओं या टीम प्रबंधन ने उन्हें टीम से बाहर करने को लेकर कोई
जानकारी नहीं दी। पर चयन समिति के अध्यक्ष एमएसके प्रसाद और सीओए विनोद राय
ने इन आरोपों को खारिज किया। प्रसाद ने कहा कि उनके साथी चयनकर्ता देवांग
गांधी ने संबंधित खिलाड़ियों से बात की जबकि भारतीय कप्तान विराट कोहली इस
मुद्दे पर टिप्पणी करने से बचे।
संहिता का उल्लंघन : चयन
समिति पर विजय और नायर के सार्वजनिक बयानों को केंद्रीय अनुबंधित
खिलाड़ियों की आचार संहिता का उल्लंघन माना जा रहा है। बीसीसीआई के एक
अधिकारी ने कहा, बेशक यह मुद्दा बैठक में उठाया जाएगा। बीसीसीआई कहता आया
है कि विजय ने सही तस्वीर पेश नहीं की। गांधी ने टीम मैनेजर सुनील
सुब्रमण्यम की मौजूदगी में चयनकर्ताओं की स्थिति से विजय को अवगत कराया
था।.
पत्नियों का साथ :
कप्तान कोहली ने आग्रह किया है कि विदेशी दौरे के दौरान पूरे समय खिलाड़ियों
और सहयोगी स्टाफ की पत्नियों को आने की स्वीकृति दी जाए पर इस पर तुरंत
फैसले की संभावना नहीं। मुख्य मुद्दा ऑस्ट्रेलिया दौरे की तैयारी है जो 21
नवंबर को टी-20 सीरीज से शुरू होगा।
स्पिन कोच पर चर्चा : भारतीय
टीम के साथ विशेषज्ञ स्पिन गेंदबाजी कोच को जोड़ने पर भी बात चल रही है
क्योंकि धीमे गेंदबाजों को उपमहाद्वीप के बाहर जूझना पड़ा है। लक्ष्मण
शिवरामकृष्णन और एनसीए के मौजूदा कोच नरेंद्र हिरवानी के नाम की चर्चा है
पर इसके लिए सीओए से स्वीकृति लेनी होगी।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें