महिलाओं के प्रति साजिद खान के रवैये पर बिपाशा बसु ने किया ये खुलासा
बॉलीवुड एक्ट्रेस बिपाशा बसु ने शुक्रवार को फिल्ममेकर साजिद खान पर लगे आरोपों पर कहा कि वह खुश हैं कि महिलाओं ने उनके (साजिद) साथ हुए अपने अनुभवों को शेयर किया। बिपाशा का कहना है कि फिल्म सेट पर महिला कलाकारों और अन्य महिला सदस्यों के साथ उनका रवैया हमेशा असभ्य रहा है।
बता दें कि साजिद पर अदाकारा सलोनी चोपड़ा और एक पत्रकार ने यौन उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। साल 2014 में फिल्म 'हमशकल्स में साजिद के साथ काम कर चुकी एक्ट्रेस ने कहा कि हालांकि निर्देशक ने उनके साथ कभी बदसलूकी नहीं की लेकिन उनका महिलाओं के प्रति रवैया हमेशा असभ्य था।
बिपाशा ने ट्विटर पर एक बयान में कहा, 'मैं खुश हूं कि महिलाएं इन पुरुषों के अत्याचारों के खिलाफ बोल रही हैं..लेकिन मेरे साथ ऐसा कुछ नहीं हुआ...यह उनका महिलाओं के प्रति सामान्य व्यवहार था जो मुझे परेशान करता था, वह खुले तौर पर अश्लील मजाक करते थे और लड़कियों के प्रति उनका रवैया भी असभ्य था।'
बिपाशा ने एक अन्य ट्वीट में भारत में 'मी टू अभियान शुरू करने के लिए तनुश्री दत्ता की सराहना भी की। उन्होंने लिखा, 'तनुश्री दत्ता मुबारक हो...क्योंकि उनकी वजह से कई और महिलाओं को उन पुरुषों के खिलाफ बोलने की हिम्मत मिली जो महिलाओं का फायदा उठाते हैं...अपने रूतबे, ताकत और पहुंच के जरिए...।'

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें