जेल में बंद राम रहीम के पूर्व बॉडीगार्ड ने की खुदकुशी, इस वजह से था परेशान
साध्वी यौन शोषण मामले में जेल में बंद गुरमीत राम रहीम की सुरक्षा में तैनात रहने वाले हरियाणा पुलिस के जवान राम सिंह ने बुधवार शाम जहरीला पदार्थ निगलकर खुदकुशी कर ली। पुलिस के मुताबिक, निजी कारणों से परेशान होकर उसने यह कदम उठाया।
सिरसा-चोपटा क्षेत्र के गांव शक्कर मंदोरी निवासी राम सिंह के भाई नामधारी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका भाई हरियाणा पुलिस में था और डेरा प्रमुख गुरमीत रहीम के सुरक्षा दस्ते में हुआ करता था। पंचकूला हिंसा में उसका नाम आने के बाद से वह मानसिक रूप से परेशान था और अपने बच्चों के भविष्य को लेकर चिंतित था।
बुधवार शाम राम सिंह ने गांव के पास से गुजरने वाली नहराना नहर के पास जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। इससे पहले उसने फोन कर इस बारे में अपने भाई को भी सूचना दी, जब तक भाई और परिजन मौके पर पहुंचे तब तक उसकी हालत बिगड़ चुकी थी। उसे डेरा सच्चा सौदा के सतनाम अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसने देर रात दम तोड़ दिया।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें