वारदातः दुर्गा पूजा पंडाल में हिस्ट्रीशीटर को गोलियों से भूना
कैंट दुर्गा पूजा पंडाल में मंगलवार देर शाम बाइक सवार बदमाशों ने हिस्ट्रीशीटर नीरज बाल्मीकि को गोलियों से छलनी कर दिया। हमलावरों ने बमों की बौछार कर सनसनी फैला दी। इससे वहां अफरातफरी मच गई। हमलावरों पर हिस्ट्रीशीटर के साथियों ने पथराव किया, जिसमें एक बदमाश का पैर जख्मी हो गया लेकिन हमलावर बमबाजी करते हुए जख्मी साथी को लेकर भाग निकले। उधर, जख्मी हालत में हिस्ट्रीशीटर नीरज को सिविल लाइंस स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां भर्ती न करने पर नीरज के साथियों ने हंगामा और तोड़फोड़ की। डॉक्टर के जवाब देने पर साथी नीरज को एसआरएन अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।मंगलवार देर शाम लगभग पौने आठ बजे नीरज दुर्गा पूजा पंडाल में कुर्सी पर बैठा था। उसका बहनोई विशाल माइक से भीड़ को नियंत्रित कर रहा था। पंडाल में लोगों की भीड़ बढ़ती जा रही थी। इसी दौरान दो बाइक से पहुंचे पांच बदमाशों ने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पिस्टल से बदमाशों ने लगभग 12 राउंड गोलियां चलाईं और इसके बाद बमबाजी शुरू कर दी। इससे पंडाल में हड़कंप मच गया। दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालु अपनी जान बचाकर भागने लगे। महिलाएं और बच्चे चिल्लाने लगे।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें