विमान के ईंधन या एटीएफ की कीमतों में
गुरुवार को 2.6 प्रतिशत की कटौती लागू हो गई। सरकार के ईंधन पर उत्पाद
शुल्क कटौती के फैसले के मद्देनजर यह कदम उठाया गया है। इससे विमान का ईंधन
पेट्रोल और डीजल से भी सस्ता हो गया है।
सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों
की अधिसूचना के अनुसार, दिल्ली में एटीएफ का दाम 1,962 रुपये प्रति
किलोलीटर घटाया गया है। यहां इसके दाम 2.6 प्रतिशत की कमी के साथ 72,605
रुपये किलोलीटर (72.6 रुपये प्रति लीटर) पर आ गए हैं।
मुंबई में एटीएफ 74,177 रुपये प्रति
किलोलीटर से 72,225 रुपये किलोलीटर पर आ गया है। पेट्रोल की तुलना में
एटीएफ पहले से सस्ता है। अब यह डीजल से भी सस्ता हो गया है।
सरकार ने बुधवार को विमानन उद्योग को राहत
देते हुए जेट ईंधन पर उत्पाद शुल्क 14 से घटाकर 11 प्रतिशत करने की घोषणा
की थी। इस महीने जेट ईंधन जनवरी 2014 से सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंचा था।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें