राहत : इन दो राज्यों में जल्द सस्ता हो सकता है पेट्रोल-डीजल
पेट्रोल-डीजल के बढ़ते दामों ने हर किसी की जेब पर बोझ डाल रखा है। लेकिन दो राज्य ऐसे हैं जिन्हें इससे थोड़ी राहत मिल सकती है। ऑल इंडिया कांग्रेस कमिटी की हिमाचल प्रदेश प्रभारी रजनी पाटिल ने रविवार को जानकारी दी कि पंजाब और कर्नाटक में पेट्रोल-डीजल जल्दी ही सस्ता हो सकता है।
पाटिल ने एक सवाल के जवाब में कहा कि कांग्रेस शांसित पंजाब और कर्नाटक के मुख्यमंत्रियों को पेट्रोलियम उत्पादों पर मूल्य वर्धित कर (वैट) कम करने के लिए पहले ही कहा जा चुका है। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में वीरभद्र सिंह की पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार ने वैट में दो प्रतिशत की कमी की थी। पाटिल ने कहा कि पेट्रोल-डीजल की आसमान छूती कीमतों के विरोध में सोमवार को प्रस्तावित भारत बंद हिमालच प्रदेश में भी शांतिपूर्ण तरीके से प्रभावी होगा।
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दौरान आवश्यक सामग्रियों के दाम तेजी से बढ़े हैं। पूर्ववर्ती यूपीए सरकार के दौरान कच्चे तेल का दाम काफी उच्च स्तर पर था पर इसके बाद भी देश में पेट्रोलियम उत्पादों की दरें कम थीं।
महाराष्ट्र में भी दाम कम करने पर विचार
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने रविवार को कहा कि ईंधन के बढ़ते दामों से लोगों को राहत देने के विभिन्न प्रस्तावों पर प्रदेश सरकार काम कर रही है। फडणवीस ने कहा कि पेट्रोलियम पदार्थों को जीएसटी के दायरे में लाना कीमत कम करने का एक तरीका हो सकता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में ईंधन के दामों को कम करने के विभिन्न प्रस्तावों पर हमारी सरकार काम कर रही है। उन्होंने कहा कि ईंधन के दाम को नियंत्रण को सबसे बेहतर तरीका इसे जीएसटी के दायरे में लाया जाए। यदि जीएसटी परिषद यह प्रस्ताव लाती है तो महाराष्ट्र इसका समर्थन करेगा।

टिप्पणियाँ
एक टिप्पणी भेजें